खेल

लंदन। ब्रिटेन की उम्मीद एंडी मरे नियमों को तोड़कर रात 11 बजे के बाद तक चले चार सेटों के मुकाबले में साइप्रस के मार्कस बगदातिस पर 7- 5, 3-6, 7-5, 6-1 की नाटकीय जीत के साथ विम्बलडन टेनिस चैम्पियनशिप के चौथे दौर में जगह बना ली, जबकि महिलाओं में कजाकिस्तान की जारास्लाव श्वेदोवा ने फै्रंच ओपन की उपविजेता इटली की सारा ईरानी पर जीत के दौरान रिकॉर्ड 24 अंक लगातार जीतकर ‘गोल्डन सेट’ पूरा किया। नियमों के अनुसार स्थानीय समयानुसार रात्रि 11 बजे के बाद कोई मैच जारी नहीं रखा जा सकता है, लेकिन मरे और बगदातिस का मुकाबला 11 बजकर दो मिनट पर समाप्त हुआ। वैसे, समयसीमा की समस्या केवल मरे से नहीं
जुड़ी, बल्कि चौथे दौर में उनके सामने आने वाले क्रोएशिया के मारिन सिलिच को भी इसका सामना करना पड़ा, जिन्होंने विम्बलडन इतिहास के दूसरे सबसे लंबे मैच में सैम क्वेरी को हराया। सिलिच ने पांच सेटों का मैच पांच घंटे 31 मिनट के संघर्ष के बाद 7-6, 6- 4, 6-7, 6-7, 17-15 से निपटाया। विम्बलडन का सबसे लंबा मैच अमेरिका जान इस्नर और फ्रांस के निकोलस माहु के बीच 11 घंटे पांच मिनट तक खेला गया था। महिला एकल में श्वेदोवा ने ईरानी के खिलाफ 6-0, 6-4 की जीत के दौरान लगातार 24 अंक जीतकर गोल्डन सेट का रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने सेरेना विलियम्स (23 अंक) को पीछे छोड़ा। डूबा किस्मत का तारा: विश्व नंबर दो राफेल नडाल को हराने वाले 100वीं सीड चेक गणराज्य के लुकास रोसोल तीसरे दौर में जर्मनी के फिलिप कोलश्रेबर ने लगातार सेटों में 6-2, 6-3, 7-6 से हराया। अन्य मुकाबलों स्पेन के डेविड फेरर, अमेरिका के ब्रायन बेकर, फ्रांस के जो विल्फे्रड सोंगा, अर्जेंटीना के जुआन मार्टीन डेल पोत्रो भी अपने मुकाबले जीतकर चौथे दौर में पहुंचे।