इंदौर। एमवाय अस्पताल के डॉक्टरों ने जटिल आॅपरेशन करने में सफलता हासिल की है। एक युवक के पैर से 25 किलो की गठान निकाली। यह युवक 12 दिन से अस्पताल में भर्ती था। आॅपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जांच के बाद ही तय होगा कि उसे कब अस्पताल से छुट्टी देना है। डॉक्टरों के अनुसार युवक को चलने-फिरने में कुछ दिन परेशानी आ सकती है। डॉक्टरों के अनुसार युवक का वजन 50 किलो था, जिसमें 25 किलो सिर्फ गांठ का वजन था। जोबट निवासी भारत के पैर में गांठ होने के कारण वह चलफिर नहीं पा रहा था। पिछले दो साल से तो वह पलंग पर ही था। सब दूर इलाज कराने के बाद उसके परिजन काफी परेशान थे। आलीराजपुर के डॉक्टरों ने एमवाय जाने की सलाह दी। यहां भारत को 12 दिन पहले उसके परिजन लेकर आए थे। कुछ दिन तक डॉक्टरों ने गांठ को कम करने के लिए दवाइयों का इस्तेमाल किया, मगर सफलता हाथ नहीं लगी। डॉक्टरों ने उसकी सभी जांच करने के बाद आॅपरेशन का निर्णय लेकर शुक्रवार की डेट तय की। सुबह आधा दर्जन डॉक्टरों की टीम ने दो घंटे तक आॅपरेशन कर पैर की गांठ को बाहर निकाला। डॉक्टरों के अनुसार यह कैंसर की गठान है। हालांकि अब इसे दोबारा जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
इन डॉक्टरों की टीम ने किया आॅपेरशन
सर्जर्री विभागाध्यक्ष डॉ. आरके माथुर, यूनिट इंचार्ज डॉ. सोनिया मोसेस, डॉ. सचिन वर्मा, डॉ. आनंद अजमेरा, डॉ. अंशुल अग्रवाल, सौरभ राज, डॉ. जितेंद्र रावत, एनेस्थीसिया विभाग में डॉ. कबीर कौशल, डॉ. वीएस भटिया की टीम ने आॅपरेशन किया।