भोपाल । हबीबगंज रेलवे ओवर ब्रिज (सावरकर सेतु) की लोकार्पण शिलापट्टिका पर लिखे तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर पीला रंग पोतने को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया। भाजपा ने इसे कांग्रेस की हरकत बताते हुए आरओबी पर प्रदर्शन किया और बागसेवनिया थाने में कांग्रेसियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि सूत्रों का कहना है कि आचार संहिता के दौरान शिलापट्टिका की पुताई की गई थी। शिलापट्टिका पर पुताई की खबर लगते ही भाजपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह, मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। राजेंद्र गुप्ता ने शिवराज सिंह चौहान के नाम पर पुता रंग साफ कर दिया। इसके बाद भाजपा नेता थाने पहुंचे और कांग्रेसियों पर एफआईआर दर्ज करने का दबाव बनाया। पुलिस ने बिना जांच मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया। इससे नाराज भाजपाइयों ने थाने के बाहर भी नारेबाजी की। उनकी मांग थी कि पुलिस आरओबी के पास लगे कैमरों से फुटेज लेकर आरोपियों को गिरμतार करे। पुलिस ने शिकायती आवेदन ले लिया है। नगर निगम ने बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम में 84 करोड़ की लागत से आरओबी का निर्माण कराया है। इसका लोकार्पण अप्रैल, 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था।