भोपाल। करीब डेढ़ दशक पहले कांग्रेस सरकार ने मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम की होटल्स बेचने की तैयारी कर ली थी। वक्त है बदलाव के मूलमंत्र को लेकर सत्ता में वापसी करने वाली कांग्रेस सरकार अब अपने इन्हीं होटल्स को स्मार्ट बनाने जा रही है। इसकी शुरुआत निगम की रोल मॉडल होटल पलाश रेसीडेंसी से होगी। इसके रूम को स्मार्ट बनाया जा रहा है, जो ‘खुल जा सिम-सिम ’ की तरह आवाज और टच पैड से कंट्रोल होगा। यानी आप कहेंगे कि स्विच आॅफ तो स्विच आॅफ हो जाएगा और स्विच आॅन बोलने पर स्विच आॅन हो जाएगा। होटल के कमरे की अधिकांश गतिविधियां वाइस और टच पैड से कंट्रोल होंगी। होम आटोमेशन आमतौर पर होने लगा है, लेकिन सरकारी होटल्स में संभवत: यह पहली मर्तबा होने जा रहा है। राज्य पर्यटन विकास निगम की राजधानी स्थित होटल पलाश रेसीडेंसी के तीन कमरों, रिसेप्शन और गैलरी को वाइस और टच पैड कंट्रोल से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटक अपनी आवाज या फिर टच पैड के जरिए सभी एक्टिविटी कर सकेगा। निगम प्रबंधन का कहना है कि रिस्पांस मिलने के बाद अन्य सरकारी होटल्स मे इसे लागू किया जाएगा।