बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर जिला प्रशासन ने स्याना तहसील में पिछले महीने हुई कथित गोकशी की घटना के संबंध में गिरफ्तार सात लोगों पर सोमवार को कड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाया। बता दें कि स्याना के गांव महाव के बाहर खेतों में गत 3 दिसंबर को मवेशियों के कंकाल मिले थे, जिसके बाद भीड़ ने उत्पात मचाते हुए चिंगरावठी पुलिस चौकी पर हमला कर दिया था। निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह (44) और चिंगरावठी के एक व्यक्ति सुमित कुमार (20) की इस हिंसा में गोली लगने से मौत हुई थी। इस घटना के संबंध में स्याना थाने में दो प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पहली प्राथमिकी हिंसा के संबंध में दर्ज हुई, जिसमें करीब 80 लोगों को नामजद किया गया है। जबकि दूसरी प्राथमिकी गोकशी के लिए दर्ज हुई। यह पूछे जाने पर कि क्या गोकशी मामले में गिरफ्तार लोगों पर कड़ा रासुका लगाया गया है, जिला मजिस्ट्रेट ने हां में जवाब दिया।