वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रशासन के अहम पदों के लिए तीन भारतीय मूल के नागरिकों को नामांकित किया है। व्हाइट हाउस द्वारा सीनेट को भेजे गए नामांकनों की नई सूची के मुताबिक, रीता बरनवाल को ऊर्जा सहायक मंत्री (परमाणु ऊर्जा), आदित्य बमजई को प्राइवेसी एंड सिविल लिबर्टीज ओवरसाइट बोर्ड के सदस्य और बिमल पटेल को सहायक वित्त मंत्री पद के लिए नामांकित किया गया है। अभी तक ट्रंप ने 36 से अधिक भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों को नामांकित या नियुक्त किया है। भारतीय मूल की पहली कैबिनेट रैंक की अधिकारी निक्की हेली व भारतीय अमेरिकी उप प्रेस सचिव राज शाह ने ट्रंप प्रशासन छोड़ दिया है। अगर सीनेट ने बरनवाल के नाम की पुष्टि की तो वह परमाणु ऊर्जा कार्यालय की अगुवाई करेंगी।