इंदौर। एक युवक ने अपने घर पर शनिवार को फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। वह लंबे समय से बीमारी से परेशान था। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामला जांच में लिया है। बाणगंगा पुलिस ने बताया कि गोविंद नगर के 39 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वह एड्स के साथ अन्य कई बीमारियों से पीड़ित था। इसके चलते वह तनाव में रहता था। मृतक के मामा ने बताया कि कुछ साल पहले उसे गंभीर बीमारी होने का पता चला तो उसकी पत्नी ने तलाक ले लिया था। परिवार में पीड़ित युवक के साथ उसके भाई, बहू, माता-पिता भी रहते हैं। उसकी बहनों की शादी हो चुकी है। कुछ साल पहले एक अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ने से वह बीमारी की चपेट में आ गया था। इसके बाद से ही वह अवसाद में रहता था। 15 दिन पहले उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने वॉल खराब होने की बात बताई थी। इसके साथ ही उसकी पैर व रीढ़ की हड्डी की चोट भी लंबे समय से ठीक नहीं हो रही थी। परिवार को शनिवार को भोपाल शादी में जाना था, जिसके लिए वे खरीदी के लिए बाजार गए थे। इस समय पीड़ित घर पर अकेला था। इसका फायदा उठाकर युवक ने उक्त कदम उठा लिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।