पुणे। दूसरे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मेजबान प्रदेश महाराष्ट्र ने कुल 228 पदक हासिल करते हुए खेलों का अंत पदक तालिका में पहले स्थान के साथ रहते हुए किया। उसके हिस्से 85 स्वर्ण, 62 रजत और 81 कांस्य पदक आए। इन खेलों का रविवार को यहां समापन हो गया। पदक तालिका में हरियाणा ने दूसरा और दिल्ली ने तीसरा स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र के खिलाड़ियों को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और महाराष्ट्र के खेल मंत्री विनोद तावड़े ने यहां शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के बैडमिंटन हॉल में आयोजित समापन समारोह में ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। जावड़ेकर ने इस मौके पर कहा कि खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने प्रधानमंत्री के ‘पांच मिनट और’ के संदेश को सार्थक किया है। उन्होंने साथ ही कहा कि सरकार हर स्कूल में एक घंटे के गेम पीरियड को लाने को लेकर प्रतिबद्ध है। वहीं, तावड़े ने कहा कि वह ‘सिर्फ पांच मिनट’ नहीं चाहते बल्कि 50 मिनट चाहते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई भी की। हरियाणा को दूसरा स्थान मिलॉ- हरियाणा ने 62 स्वर्ण, 56 रजत और 60 कांस्य सहित 178 पदक जीतकर दूसरा और दिल्ली ने 48 स्वर्ण, 37 रजत और 51 कांस्य सहित 136 पदक जीतकर पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। अंतिम दिन 15 स्वर्ण पदक दांव पर थे, जिनमें से आठ पदक तीरंदाजी में थे, जहां मेजबान महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा ने दो-दो पदक जीते जबकि दिल्ली और पंजाब ने एक-एक पदक जीते। हरियाणा ने महिलाओं के अंडर-21 वर्ग के फाइनल में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।