पणजी। गोवा पुलिस ने 2018 में यातायात का उल्लंघन करने वाले करीब 7.74 लाख लोगों का चालान किया, जो कि राज्य की 15 लाख आबादी का आधा से ज्यादा हिस्सा है। डीजीपी मुक्तेश चंद्र ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि गोवा के पर्यटन में कमी के लिए यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा पर्यटकों को परेशान किए जाने को जिम्मेदार ठहराना बेहद बेतुकी बात है। डीजीपी ने कहा, बीते साल के मुकाबले यातायात उल्लंघनकर्ताओं पर जुर्माना लगाने में 48% की भारी वृद्धि दर्ज की गई। उल्लेखनीय रूप से गोवा पुलिस ने यातायात का उल्लंघन करने वाले 7,74,578 का चालान काटा और 9.19 करोड़ रुपये जुमार्ने के रूप में वसूले। 2011 की आधिकारिक जनसंख्या के मुताबिक राज्य की आबादी 14.59 लाख है। गोवा में पर्यटकों की संख्या में गिरावट के लिए यातायात पुलिस द्वारा पर्यटकों के कथित उत्पीड़न को जिम्मेदार ठहराने के यात्रा और पर्यटन उद्योग के दावे पर चंद्र ने कहा, कानून पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच कोई अंतर नहीं करता है।