इंदौर। कांग्रेस की एकजुटता का ही परिणाम है कि विधानसभा चुनाव में शहर को चार विधायक मिले हैं। आमजन भाजपा के कुराज से त्रस्त हो गया था। 15 साल के भाजपा शासन का अंत होना नए युग की शुरुआत है। भाजपा के शासन में जिन कांग्रेस नेताओं पर राजनीतिक मुकदमे दर्ज हुए हैं, वे सब वापस लिए जाएंगे। यह बात कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर कार्यकारी नगर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कल 17 दिसंबर को भोपाल में आयोजित कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समरोह की तैयारी बैठक में कही। उन्होंने कहा प्रदेश में भाजपा के काले कुराज के अंत के साथ ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार की स्थापना के साथ नए युग की शुरुआत हुई है। कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा बहेगी और प्रदेश की चहुंमुखी प्रगति होगी। कांग्रेस के वचन पत्र को पूरा करने के साथ जनता की सेवा का सत्यप्रयास करेगा।
हमारी अनुशंसा पर होगी नियुक्तियां
उन्होंनेआश्वस्त किया कि प्रदेश में होने वाली राजनीतिक व प्रशासनिक नियुक्तियां शहर कांग्रेस की अनुशंसा पर होंगी। भाजपा के राज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लादे गए सभी राजनीतिक मुकदमे वापस लिए जाएंगे। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाएं। कांग्रेस की जीत का श्रेय राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं के करिश्माई नेतृत्व को दिया।