नई दिल्ली। बुजुर्गों की बढ़ती जनसंख्या और तेजी से घटी जन्म दर की वजह से जापान की चिंता दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। मगर इसी देश में एक ऐसा शहर भी है, जो इस समस्या से निपटने के लिए कई कदम उठा रहा है। यह शहर बच्चा पैदा करने वाले अपने नागरिकों को तमाम तरह की सुविधाओं के साथ-साथ नकद इनाम भी दे रहा है। दक्षिणी जापान में बसे छोटे से कृषि प्रधान शहर नागी की आबादी करीब 6000 है। शहर की भागदौड़ और तनाव से दूर यहां शांति है और लोगों की प्राथमिकता पैसा नहीं बल्कि अच्छा जीवन है। प्रशासन भी इस प्रयास में बढ़चढ़कर हिस्सा लेता है। वर्ष 2004 से यहां बच्चा पैदा करने के लिए इनाम के तौर पैसा देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। जितना बड़ा परिवार उतना ज्यादा पैसा नागी शहर में अगर परिवार में पहला बच्चा पैदा होता है, तो सरकार की ओर से एक लाख येन (करीब 63 हजार रुपये) मिलते हैं।
तेजी से बूढ़ा हो रहा जापान