अहमदनगर। अपनी मांग को लेकर अनशन पर बैठे समाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने सोमवार को कहा कि भाजपा ने 2014 लोकसभा चुनाव जीतने के लिए उनका इस्तेमाल किया। हजारे ने अपने गांव रालेगण-सिद्धि में कहा, हां, भाजपा ने 2014 में मेरा इस्तेमाल किया। सभी जानते हैं कि लोकपाल के लिए मेरे आंदोलन का इस्तेमाल सत्ता में आने के लिए भाजपा और आप ने भी किया। मेरे भीतर अब उनके लिए कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में सरकार केवल देश के लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है और देश को अराजकता की ओर ले जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा नीत महाराष्ट्र सरकार बीते चार वर्षो से केवल झूठ बोल रही है। अन्ना ने कहा, और कितने दिनों तक झूठ चलेगा, सरकार ने देश के लोगों का सिर झुकाया है।